कांग्रेस ने किया मंहगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन
घरेलू गैस सिलेंडर पर 75 रू. बढ़ाने के विरोध में किया प्रदर्शन’
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आज बढ़ती हुई महंगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर पर 75 रू. बढ़ाने के विरोध में गैस सिलेंडर का मृत्यू भोज आयोजित किया।प्रदर्शन में गैस सिलेंडर पर लिखा हुआ था कि ‘मैं मरा नहीं हूं मोदी सरकार ने मेरी हत्या की है।’ पीसीसी प्रांगण में आयोजित विरोध प्रदर्शन में मृत्यु भोज के कार्यक्रम में परंपरागत चूल्हे पर टिक्कड़ एवं दाल बनाई गई तथा गरीबों एवं कार्यकर्ताओं को खिलाई गई।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जब यूपीए शासनकाल में क्रूड आॅयल 112 डालर प्रति बैरल हुआ करता था तब 60 रू. में पेट्रोल महंगा लगता था बीजेपी के लोगों को, अब क्रूड आॅयल 55 डालर प्रति बैरल है और पेट्रोल 100 रू. पार कर गया है। अब भाजपा के मंहगाईप्रेमी लोग कह रहे हैं कि महंगाई देश के हित में है। प्रदर्शन में शामिल मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार अपने चुनिंदा उद्योग पतियों ‘हम दो हमारे दो’ के पेट्रोल पंपों को लाभ पहुंचाने के लिए महंगाई बढ़ा रही हैं।, आम आदमी आज सिलेंडर को मृत मान के चूल्हे को अपना सहारा बना रहा है।भाजपा देश को चूल्हा युग में लौटा रही है। पूर्व महापौर विभा पटेल ने कहा कि बढ़ती हुई महंगाई की वजह से महिलाओं के घर का बजट गड़बड़ा गया है, केंद्र सरकार तुरंत महंगाई घटाए। मीडिया विभाग की पहल पर कार्यक्रम के आयोजक सिद्धार्थ राजावत ने बताया कि बढ़ती हुई महंगाई के विरोध में गैस सिलेंडर की मृत्यु के शोक में शोक सभा आयोजित कर मृत्यु भोज रखा गया है।
कार्यक्रम में प्रवक्तागण मिथुन सिंह अहिरवार, अजय सिंह यादव, अवनीश बुंदेला, विकी खोंगल, अब्बास हफीज, जितेंद्र मिश्रा, संतोष कंसाना, स्वदेश शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।