चोर रेत के प्रति जागरूकता के साथ ही हर्बल पार्क घाट पर सुरक्षा के स्थाई इंतजाम किए जाए : कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह
*चोर रेत के प्रति जागरूकता के साथ ही हर्बल पार्क घाट पर सुरक्षा के स्थाई इंतजाम किए जाए : कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह* 

 *कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया हर्बल पार्क घाट का निरीक्षण* 


हर्बल पार्क घाट व पोस्ट ऑफिस घाट के बीच बने चोर रेत के गहरे गड्ढे से जन सामान्य की सुरक्षा के लिए यहां जनजागरूकता के साथ ही सुरक्षा के स्थाई इंतजाम किए जाएं। यह निर्देश कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने सोमवार को हर्बल पार्क घाट के निरीक्षण के दौरान दिए। कलेक्टर श्री सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह ने अधिकारियों के साथ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां विगत दिवस चार लोगों के डूबने से हुई मृत्यु की घटना के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए घाट के प्रवेश मार्ग के साथ ही विभिन्न स्थानों पर चेतावनी सूचक बैनर भी लगाए जाएं। इन बैनरों पर चोर रेत के बारे में विस्तृत जानकारी के साथ ही पिछले वर्षों में हुई घटित घटनाओं के बारे में भी उल्लेख किया जाए। उन्होंने कहा कि घाट पर अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जाए जो  लोगों को एहतियातन जानकारी दे सके। साथ ही घटना के मुख्य स्थल के चारों ओर को व्यवस्थित ढंग से कवर भी किया जाए ताकि यहां आने वाले लोग सचेत हो सके।
    कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया होली पर्व के दौरान हर्बल पार्क घाट पर प्रवेश को प्रतिबंधित किया जाए। होमगार्ड के बल द्वारा निरंतर विशेषकर रविवार के दिन प्रभावी पेट्रोलिंग की जाए। उन्होंने कहा कि हर्बल पार्क घाट व अन्य संवेदनशील घाटों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित मीडियाकर्मियों से भी हर्बल पार्क घाट पर सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने मीडिया से प्राप्त सुझाव पर आवश्यक कार्यवाही के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री मनोज सिंह ठाकुर, एसडीएम नर्मदापुरम श्रीमती वंदना जाट, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आर के एस चौहान, तहसीलदार श्री शेलंद्र बड़ोनिया, थाना प्रभारी श्री संतोष सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।