युवाओं को न अच्छी शिक्षा न ही मिल रहा रोजगार: त्रिपाठी
युवाओं को न अच्छी शिक्षा न ही मिल रहा रोजगार: त्रिपाठी
शिक्षा बचाओ, देश बचाओ अभियान: एनएसयूआई ने निकाली युवा जागरण मशाल रैली 

खरगोन। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी मंगलवार को शिक्षा बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत एक दिवसीय दौरे पर शहर पहुंचे। त्रिपाठी के पहले नगर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साह से स्वागत किया। उन्हें जुलवानिया रोड़ स्थित सुतमिल से शहर तक बाईक रैली के रुप में लाया गया। शहर पहुंचने पर किला गेट से त्रिपाठी के नेतृत्व में श्रीकृष्ण टॉकिज तिराहे तक युवा जागरण मशाल रैली निकाली गई। इसके बाद गायत्री मंदिर के सामने स्थित कार्यालय पर पत्रकारों से रुबरु हुए। त्रिपाठी ने कहा देश में शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है, सरकार ने कोरोना काल में जहां लोग आक्सीजन को तरस रहे थे उस दौरान पिछले दरवाजे से नई शिक्षा नीति लागू कर दी। इसके बारे में न तो शिक्षक जानते है न प्रोफेसर, इसको लेकर शिक्षा बचाओ देश बचाओ देशव्यापी अभियान छेड़ा गया है। आज इस अभियान को लेकर ही शहर पहुंचे है। अभियान के तहत पिछले 2 सालों से एसटी/ एससी छात्रों की रोकी गई स्कॉलर दिलाना, जिससे करीब 20 लाख छात्र-छात्राएं प्रभावित है। बेरोजगारों को नौकरी दिलाना, आयु सीमा में बढ़ोतरी करना जैसे विभिन्न मांगें इस अभियान के तहत रखी गई हैं। त्रिपाठी ने कहा युवा कार्यकर्ताओं कि मेहनत ही कांग्रेस को शिखर पर ले जाएंगे और सरकार बनाएंगे। हमें हर गांव, गली और घर तक यह संदेश पहुंचाना है कि कांग्रेसी युवाओं की पार्टी है। छात्रों के हितों की लड़ाई संगठन के माध्यम से लड़ी जा रही है। त्रिपाठी ने हिजाब को लेकर छिड़े विवाद पर कहा कि भाजपा जब से सत्ता में आई तब से हिंदू. मुसलमान, अगाडे-पिछडे की बात करती है, उसने बेरोजगारी, विकास, अच्छी शिक्षा पर कभी बात नहीं कि, लेकिन अब जनता समझ चुकी है। प्रदेश उपाध्यक्ष रजत डंडीर ने कहा प्रतियोगी परीक्षाएं समय से सरकार नहीं करवा पा रही हैं, जिससे कई योग्य उम्मीदवारों की उम्र समय से अधिक हो गयी है। सरकार उन युवाओं को रियायत भी नहीं दे रही हैं, जिससे देश के लाखों मेहनती युवाओं के रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं। 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में बेरोजगार दिनोंदिन बढ़ रही है। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव अंकूश भटनागर, जिलाध्यक्ष विक्रांत दांगी, ऋषभ टांक, प्रशांत सांवले आदि मौजूद थे।