जिले में पर्यटन की थीम पर समारोह पूर्वक मनाया गया मध्यप्रदेश स्थापना दिवस

 जिले में पर्यटन की थीम पर समारोह पूर्वक मनाया गया मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 



लोक नृत्य, काव्य पाठन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए आयोजित


मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर के अवसर पर जिले में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश अभियान के तहत जिले में पर्यटन की थीम पर विभिन्न  कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम शासकीय नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विधायक होशंगाबाद डॉ सीतासरन शर्मा , विधायक सिवनीमालवा श्री प्रेम शंकर वर्मा , राज्य सामान्य वर्ग कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री शिव चौबे, श्रीमती माया नारोलिया, श्री सिरूमल नवलानी, श्री पीयूष शर्मा,आचार्य गोपाल प्रसाद खड्डर , कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री गुरुकरण सिंह , जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरियाम सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


       इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश अभियान के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन थीम पर मध्य प्रदेश स्थापना दिवस उत्साह पूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा की होशंगाबाद जिला अपने प्राकर्तिक सौंदर्यता के साथ साथ अपने धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां धार्मिक पर्यटन और धार्मिक सदभाव दोनों है। जिले में प्राकृतिक पर्यटन के साथ धार्मिक पर्यटन को प्रमोट करने के किए कार्य योजना तैयार की जा रही है। सभी के प्रयासों से प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में होशंगाबाद जिले को पर्यटन के क्षेत्र में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।


     विधायक होशंगाबाद डॉ सीतासरन शर्मा ने सभी को मध्यपदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थापना दिवस संकल्प लेने का दिवस है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को देश का सबसे विकसित प्रदेश बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए सभी एकजुट होकर प्रयास करे।

       विधायक सिवनी मालवा श्री वर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प को पूरा करने के दिशा में प्रदेश तेजी से अग्रसर हैं। उन्होंने कहां की जिले में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं विद्यमान हैं। उन्होंने जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों की विशेषता के बारे में उपस्थित जनसमूह को बताया। अध्यक्ष सामान्य वर्ग कल्याण श्री शिव चौबे ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश के भौतिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास भी जरूरी है। सभी के प्रयासों से जिले में  प्राकृतिक , धार्मिक एवं साहित्यिक पर्यटन को बल मिलेगा।

        श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश स्वर्णिम मध्य प्रदेश बना है। अब प्रदेश आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। 

कार्यक्रम में एकलव्य स्कूल भरगदा के विद्यार्थियों ने जनजातीय परंपरा और देश भक्ति पर आधारित शानदार नृत्य की प्रस्तुतियां दी। होम साइंस कॉलेज की छात्रा रिया मेहरा मनमोहक लोक नृत्य और गायन की प्रस्तुतियां दी। बीएड कॉलेज के छात्र श्री हितकिशोर गौर ने महाकवि भवानी प्रसाद मिश्र की प्रसिद्ध रचना सन्नाटा का पाठन किया । शासकीय गर्ल्स कॉलेज सिवनी मालवा की छात्रा  मनीषा यादव ने सुंदर गायन की प्रस्तुति दी।

      कार्यक्रम में दादा माखनलाल चतुर्वेदी एवं भवानी प्रसाद मिश्र की रचनाओं का एनएमवी की छात्र देवांश वैरागी ने सुंदर पाठन किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी, देवांश वैरागी, पलक जैन , रिया मेहरा, मनीषा व्यास आदि प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन प्राध्यापक नर्मदा महाविधालय श्रीमती हंसा व्यास ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ,अधिकारियों और उपस्थित जनसमूह द्वारा राज्य स्तरीय मध्य प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम का अवलोकन किया।