मूंग खरीदी में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाही : कलेक्टर श्री धनंजय सिंह
*मूंग खरीदी में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाही  : कलेक्टर श्री धनंजय सिंह* 

 *सर्वेयर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप जिम्मेदारी से काम करें* 

 *कलेक्टर श्री सिंह ने दिए सख्त निर्देश* 

होशंगाबाद 29 अगस्‍त,2021/ समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी कार्य का सुव्यस्थित रूप से संचालन किया जाए। खरीदी में किसानों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर होशंगाबाद श्री धनंजय सिंह ने सभी सर्वेयर और नोडल एजेंसी नाफेड व मार्कफेड को दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने आज मूंग खरीदी केंद्रों के सभी सर्वेयर और नोडल अधिकारियों के साथ मूंग खरीदी कार्य की विस्तृत समीक्षा की।
      कलेक्टर श्री सिंह ने शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मूंग खरीदी कार्य एवं सर्वेयर स्तर पर मॉनिटरिंग कार्य में लापरवाही बरतने पर सहायक प्रबंधक नाफेड श्री शैलेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
       कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समस्त मूंग खरीदी केंद्रों पर नियुक्त सर्वेयर शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप जिम्मेदारी से काम करें। सभी सर्वेयर संबंधित नोडल अधिकारी, एसडीएम तहसीलदार, कृषि विभाग से सतत संपर्क में रहे। सर्वेयर खरीदी केंद्रों पर एफ ए क्यू, नॉन एफ ए क्यू,आदि किसानों के मसलों पर संबंधित नोडल अधिकारी एसडीएम तहसीलदार को तत्काल सूचित करें। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्धारित खरीदी केंद्रों का नियमित सघन भ्रमण कर खरीदी कार्य का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खरीदी केंद्रों पर किसानों को कोई असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
     उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर किसानों से मूंग खरीदी कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में मूँग उपार्जन का कार्य सतत जारी है। जिले में अभी तक कुल 80612 पंजीकृत किसानों में से 61671 किसानों को मूँग उपार्जन हेतु मैसेज भेजे गये हैं, जिसमें से 35761  किसानों से 80578 मै0टन एफ.ए.क्यू. गुणवत्ता की मूँग उपार्जित की जा चुकी है ,जो प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सर्वाधिक है ।
     बैठक में जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल मूंग खरीदी श्री मनोज सरियाम, उपसंचालक कृषि श्री जितेन्द्र सिंह सहित सभी जिला स्तरीय उपार्जन संबंधी अधिकारी एवं केंद्रवार सर्वेयर उपस्थित रहे।