व्यक्तित्व का विकास, सफल जीवन का मंत्र - ठाकुरदास नागवंशी

 व्यक्तित्व का विकास, सफल जीवन का मंत्र - ठाकुरदास नागवंशी

द्वितीय दिवस प्रशिक्षण वर्ग का समापन



होशंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी पचमढ़ी के मंडल प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस के समापन सत्र को भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने व्यक्तित्व विकास विषय पर संबोधित किया।
         
         नागवंशी ने कहा कि व्यक्तित्व का विकास सफल जीवन का मंत्र है। विकास एक निरन्तर प्रक्रिया है, स्वगुण, गुणवत्ता वृद्धि, कुशलता, व्यक्ति का विकास, सहिष्णुता, सामूहिकता एवं सक्रियता यही कार्यकर्ता के व्यक्तित्व विकास की कुंजी है। व्यक्तित्व ही हमारे सामाजिक और राजनैतिक जीवन को अर्थपूर्ण बनाता है। कार्यकर्ता के रूप में हमें अपने जीवन में अनुशासन, एकाग्रता, प्रमाणिकता, रोचकता और परोपकार की भावना का विकास करते हुए कार्य करना चाहिए क्योंकि व्यक्तित्व ही हमारे जीवन की पूंजी है।

              नागवंशी ने कहा कि व्यक्तित्व दो तरह का होता है, एक बाह्य व्यक्तित्व जिसमें हमारा शरीर, हमारा पहनावा, हमारी आवाज, हमारी कार्यपद्धति और हाव-भाव प्रमुख रूप से आते है। दूसरा अंतर्गत व्यक्तित्व होता है जिसमें मन, बुद्धि, विचार, भावना, परिक्वता, तर्कशक्ति, विश्लेषणात्मकता आते है। हम सब कार्यकर्ताओं को अपने व्यक्तित्व विकास के लिए चिंतनशील होना चाहिए। 
            भाजपा जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल ने बताया कि जिले में लगातार प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे है। शेष बचे मण्डलों में शीघ्र ही प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे।
               इस दौरान वरिष्ठ नेता अरूणा जोशी, सुरेन्द्र जैन, दीपक नेमा, दर्शन चौधरी ने भी वर्ग में अलग अलग विषयों पर अपने विचार कार्यकर्ताओं के सामने रखे। इस दौरान प्रशिक्षण वर्ग के जिला व्यवस्था प्रमुख गोपालदास दूदानी, पचमढ़ी मंडल के अध्यक्ष पवन कुमार झा मौजूद थे। 

होशंगाबाद से राजेंद्र गिरी गोस्वामी की रिपोर्ट