नारी के सम्मान में ही शक्ति और सृष्टि का सम्मान निहित है : रिचा पाहवा
नारी के सम्मान में ही शक्ति और सृष्टि का सम्मान निहित है : रिचा पाहवा
बराड़ा, (जयबीर राणा थंबड़)। पुरूष प्रधान समाज में नारीशक्ति की भागीदारी का भी विशेष महत्व है और नारी के सम्मान में ही आदिशक्ति और सृष्टि का सम्मान निहित है। यह शब्द भारतीय जनता पार्टी अंबाला की जिला सचिव एवं बराड़ा नगरपालिका चेयरपर्सन श्रीमती रिचा पाहवा ने कहे। अपने निवास स्थान पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज लगभग सभी क्षेत्रों में नारी शक्ति अपनी काबिलियत और आत्मबल की बदौलत पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी योग्यता का लोहा मनवा रही है और नारियों के इसी आत्मविश्वास को आज विश्व में सम्मान और श्रद्धा की दृष्टि से देखा जाता है। रिचा पाहवा ने कहा कि वे खुद एक महिला हैं और चाहती हैं कि उनकी ही तरह देश की सभी महिलाएं अपने दृढ़संकल्प के साथ लग्न के क्षेत्र में मेहनत कर अपनी पहचान बनाएं ताकि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने बताया कि गत दिनों एम.एल.एस.डी. सोशल वैलफेयर ट्रस्ट द्वारा सिरसा के ताऊ देवीलाल विश्वविद्यालय के ओडिटोरियम में नारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां पर उन्हें बतौर विशिष्ट अतिथि आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर नारी सम्मान का विशेष अनुभव हुआ जब उन्होंने देखा कि ट्रस्ट की ओर से देश की सेवा करने के लिए अतिविशिष्ट पदों पर तैनात महिलाओं का सम्मान किया गया, जोकि हम सब के लिए मार्गदर्शक का काम कर रही है। उन्होंने ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि बहुत अच्छी बात है कि समाज में ऐसी संस्थाएं भी हैं जो नारीयों के सम्मान के लिए कार्य कर रही हैं। नगरपालिका चेयरपर्सन रिचा पाहवा ने कहा कि आज देश का प्रत्येक नागरिक भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" अभियान को अपना निजी अभियान मानकर बेटियों के सम्मान के लिए भी काम कर रहा है।