अनूप धानक का बढ़ा कद, उपमुख्यमंत्री के साथ कईं विभागों की मिली जिम्मेदारी
कैबिनेट व राज्य स्वतंत्र प्रभार मंत्री हरियाणा सरकार में किस मंत्री को मिला कौनसा विभाग
चंडीगढ़/(जयबीर राणा थंबड़)। मनोहर कैबिनेट में शामिल हुए दोनों नए मंत्रियों को आज मंत्रालयों की जिम्मेदारी मिल गई है। भाजपा कोटे से मंत्री बने हिसार विधायक डा कमल गुप्ता को शहरी स्थानिय निकाय तो जजपा कोटे से मंत्री बने टोहाना विधायक देवेंद्र सहरावत बबली को विकास एवं पंचायत मंत्रालय की कमान सौंपी गई है।
इससे पहले स्थानिय निकाय मंत्रालय गृहमंत्री अनिल विज के पास था तो वही विकास एवं पंचायत मंत्रालय की जिम्मेदारी उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास थी। बता दें कि कि मंगलवार शाम भाजपा से हिसार विधायक डा. कमल गुप्ता तो जजपा से टोहाना विधायक देवेंद्र सहरावत बबली ने मंत्री पद के लिए शपथ ली थी। हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने जाट व वैश्य समुदाय से एक-एक मंत्री बनाकर गठबंधन सरकार ने दोनों समुदायों को खुश करने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मंगलवार शाम राजभवन में डा. कमल गुप्ता और देवेंद्र बबली को मंत्री पद की शपथ दिलाई। डा. कमल गुप्ता ने संस्कृत में और देवेंद्र बबली ने हिंदी में शपथ ली। दो नए मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही मनोहर कैबिनेट का कुनबा अब पूरा हो गया है। 90 सदस्यीय विधानसभा में 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं। अभी तक मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री थे। कमल गुप्ता व देवेंद्र बबली के शपथ ग्रहण करने के बाद मनोहर कैबिनेट पूरी हो गई है। फरवरी-मार्च में हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र है, जिसके बाद अप्रैल-मई में राज्य मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव हो सकता है। शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही मंत्रिमंडल में फेरबदल की तमाम अटकलों पर विराम लग गया।
अब यह है हरियाणा का नया मंत्रिमंडल
मनोहर लाल : मुख्यमंत्री, वित्त नगर एवं ग्राम आयोजन व शहरी सम्पदाजन, स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सिंचाई एवं जल संसाधन, सूचना प्रौद्योगिकी, इलैक्ट्रानिक्स तथा संचारसूचना लोक सम्पर्क एवं भाषा, आवास योजना, न्याय प्रशासन, पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन, वास्तुकला, सामान्य प्रशासन, गुप्तचर (सी.आई.डी.), कार्मिक एवं प्रशिक्षणराज भवन मामले।
दुष्यंत चौटाला : उप मुख्यमंत्री, राजस्व और आपदा प्रबंधन, आबकारी एवं कराधान, उद्योग एवं वाणिज्य, लोक निर्माण (बी एंड आर), नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले, सिविल विमानन, पुनर्वास, चकबंदी
अनिल विज: गृह, स्वास्थ्य,चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, आयुष, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान प्रौद्योगिकी
कंवरपाल गुर्जर : शिक्षा, वन, पर्यटन, संसदीय मामले, सत्कार, कला और सांस्कृतिक मामले
मूलचंद शर्मा : परिवहन, खान एवं भू-विज्ञान, कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण, निर्वाचन
रणजीत सिंह : विद्युत, नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा
जयप्रकाश दलाल : कृषि और किसान कल्याण, पशुपालन और डेरी, मत्स्य पालन, कानून एवं विधायी
बनवारी लाल : सहकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण
ओमप्रकाश यादव : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सैनिक तथा अर्ध सैनिक कल्याण (स्वतंत्र कार्यभार)
कमलेश ढांडा : महिला एवं बाल विकास, अभिलेखागार (स्वतंत्र कार्यभार)
अनूप धानक : पुरातत्व एवं संग्रहालय (स्वतंत्र कार्यभार), श्रम एवं रोजगार (उप मुख्यमंत्री के साथ सम्बद्ध)
सरदार संदीप सिंह: खेल एवं युवा मामले, मुद्रण तथा लेखन सामग्री (स्वतंत्र कार्यभार)
डा. कमल गुप्ता: शहरी स्थानिय निकाय
देवेंद्र सहरावत बबली : विकास एवं पंचायत।