सेकंड डोज कोविड वैक्सीनेशन को लेकर 10 व 11 नवंबर को चलेगा महा अभियान, वैक्सीनेशन टीम की बैठक हुई।

 सेकंड डोज कोविड वैक्सीनेशन को लेकर 10 व 11 नवंबर को चलेगा महा अभियान, वैक्सीनेशन टीम की बैठक हुई।



बैतूल/सारनी। कैलाश पाटील


नगर पालिका परिषद सारनी में सोमवार 8 नवंबर 2021 को कोविड वैक्सीनेशन के सेकंड डोज के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका व महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त बैठक हुई। बुधवार 10 व गुरूवार 11 नवंबर को सेकंड डोज वैक्सीनेशन को लेकर महा अभियान चलाया जाएगा।


नगर पालिका के सभाकक्ष में दोपहर 1.30 बजे से हुई बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके. मेश्राम, एमओ. घोड़ाडोंगरी डॉ. अजय सरयाम, टीकाकरण के नोडल ऑफीसर केके. भावसार, बीसीएम प्रकाश माकोड़े, परियोजना अधिकारी सारनी-पाथाखेड़ा संगीता धुर्वे उपस्थित थी। स्वास्थ्य विभाग से आए अधिकारियों ने वार्डवार सेकंड डोज लगाने से बकाया लोगों की जानकारी एकत्रित की। वार्डवार समीक्षा के बाद सेकंड डोज लगाने से बचे लोगों को सूचीबद्ध कर उन्हें हर हाल में टीकाकरण कराने का लक्ष्य संबंधित टीम को दिया गया। बीसीएम प्रकाश माकोड़े ने बताया कि 10 व 11 नवंबर को वृहद स्तर पर महा अभियान चलाया जाएगा। सेकंड डोज लगाने से बचे लोगों को इस दौरान केंद्रों तक पहुंचाकर टीकाकरण कराना है। इसके अलावा मोबाइल टीमें भी नगरीय क्षेत्र में सतत भ्रमण करेगी। गर्भवती, धात्री एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का सेकंड डोज टीकाकरण डॉक्टरों के परामर्श के बाद अभियान के दौरान ही किया जाएगा। पात्र लोगों को इसकी जानकारी देकर टीकाकरण केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व नपा के सहायक कर्मचारियों की है। टीकाकरण के बाद इनका रिकार्ड भी रखा जाना है। इसी आधर पर कोविन पोर्टल पर इनकी फीडिंग की जाएगी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके. मेश्राम ने कहा कि हर हाल में सेकंड डोज के बकाया लोगों को टीका लगवाया जाना है। इसलिए सभी इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें। उन्होंने कहा कि नगर पालिका महा अभियान के दोनों दिनों में मैदानी टीम के सहयोग के लिए कंट्रोल रूम के जरिए निगरानी करेगी व इनके सतत संपर्क में रहेगी। सूची तैयार कर सेकंड डोज लगाने से बचे पात्र लोगों को मोबाइल पर संपर्क कर एवं एसएमएस कर जानकारी दी जाएगी। किसी भी हाल में सेकंड डोज की पेंडेंसी को खत्म करना है। नोडल अधिकारी केके. भावसार ने कहा कि मैदानी टीम उनसे सतत संपर्क में रहें। सेकंड डोज के लिए पात्र कोई भी व्यक्ति टीकाकरण से छूटना नहीं चाहिए। बैठक के आखिर में सभी उपस्थितों को सेकंड डोज लगाने से बचे लोगों का 100 प्रतिशत टीकाकरण कराने का संकल्प दिलाया गया। बैठक में सेक्टर सुपरवाइजर मो. असलम खान, मधुकर सूर्यवंशी, नपा के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं उपस्थित थे।