किसानों की सुविधा अनुसार धान खरीदी केंद्रों का निर्धारण किया जाए : कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह
*किसानों की सुविधा अनुसार धान खरीदी केंद्रों का निर्धारण किया जाए : कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह* 

 *किसानों को खाद आसानी से मिले, समितियों व गोदामों से खाद का सुचारू वितरण हो* 

किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगामी धान उपार्जन के लिए खरीदी केंद्रों का निर्धारण किया जाए। केंद्रों की व्यवस्थित मैपिंग सुनिश्चित करें। अनुविभाग स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व किसानों से खरीदी केंद्रों के संबंध में आवश्यक सुझाव भी लिए जाए। यह निर्देश कलेक्टर होशंगाबाद श्री नीरज कुमार सिंह ने सभी एसडीएम एवं उपार्जन संबंधी अधिकारियों को दिए हैं।
      कलेक्टर श्री सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आगामी धान उपार्जन की तैयारियों, खाद वितरण आदि अन्य योजनाओं व कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की।
        कलेक्टर श्री सिंह ने समस्त उपार्जन संबंधी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी धान खरीदी की समुचित पूर्व तैयारियां समय सीमा में सुनिश्चित की जाए। केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए चाक चौबंद व्यवस्थाएं  करें। कृषि विभाग , मार्कफेड एवं सहकारिता विभाग को सख्त निर्देश दिए कि जिले में प्राप्त खाद का सुचारू रूप से वितरण किया जाए। किसानों को खाद आसानी से मिले इसका विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में पर्याप्त 6000 मीट्रिक टन से अधिक यूरिया की उपलब्धता के बावजूद सभी डबल लॉक गोदामों में यूरिया का सामान रूप से  वितरण नहीं करने पर जिला विपणन अधिकारी मार्कफेड को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
        कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि 1 नवंबर से 15 अक्टूबर तक राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण का अभियान चलाया जाना है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संपूर्ण जिले में 18 एवं 19 अक्टूबर को पटवारियों द्वारा  बी वन वाचन किया जाए, जिसमें फौती नामांतरण एवं दस्तावेज दुरुस्तीकरण के संबंध में आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
     बैठक में एडीएम श्री आदित्य रिछारिया तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी एसडीएम, सीएमओ, जनपद सीईओ उपस्थित रहे।