मजदूरों का शोषण कर रही भाजपा सरकार :- वरूण चौधरी।
मजदूरों का शोषण कर रही भाजपा सरकार :- वरूण चौधरी।

मंडियो में अव्यवस्थाओं का आलम :- वरूण चौधरी।

अम्बाला/साहा(जयबीर राणा थंबड़)
मंडियों में काम करने वाले मजदूरों का सरकार आर्थिक व मानसिक शोषण कर रही है।दो सालों से ज्यादा का समय हो गया है मजदूरी में एक रुपए की बढ़ोतरी भी नहीं की गई।बल्कि अब सरकार द्वारा नया फरमान जारी करते हुए मजदूरी प्रति बेग 4 रुपये 20 पैसे कम कर दी गई। इतनी कम मजदूरी में मजदूर काम नहीं कर सकता।आज इस बढ़ रही महंगाई को देखते हुए मजदूरी को बढ़ाने की बजाए मजदूरी को सरकार द्वारा कम करने का काम किया है जो पूरी तरह से मजदूर वर्ग के विरोधी फैसला है। यह बात मुलाना विधायक वरुण चौधरी ने बराड़ा एवं साहा अनाज मंडी में मजदूरों,किसानों व आढ़तियों से मुलाकात के दौरान कही।विधायक ने कहा कि अनाज मंडियों में हर जगह अव्यवस्था और सरकारी अनदेखी नज़र आती है। ऐसा लगता है जैसे अन्नदाता को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।प्रदेश की मंडियों में समस्याएं अनेक है।आज मंडियो में किसानों की फसल की खरीद सही ढ़ंग से नही हो रही है और न ही फ़सल की पेमेंट। किसान को गेट पास भी नही मिल रहा है और किसानों की फसल रखने के लिए भी मंडियो में अव्यवस्था का आलम है। मंडीयों में बारदाने की कमी  है,और उठान भी नही हो रहा है।किसानों को नमी के नाम पर सरकार द्वारा लूटने का काम किया जा रहा है।विधायक ने कहा कि सरकार एक तरफ़ तो  किसान की फ़सल का एक-एक दाना खरीदने की बात करती है।और दूसरी तरफ प्रति एकड़ से 28 किवंटल धान खरीदने की शर्त किसानों पर थोपती है।जिस कारण बची फसल को किसान कम दामों पर बेचने को मजबूर है।जो भाजपा सरकार का किसानों के प्रति दोहरे रवैये को दर्शाता है।और अब किसानों को डीएपी भी नही मिल रही है।प्रदेश में खाद नहीं मिलने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।अगली फ़सल बिजाई करने वाले किसानों को खाद नहीं मिल रहा है, ऐसे में वे कैसे अगेती किस्म की बिजाई करेंगे। अभी से ही ये हालात हैं तो जब गेहूं का सीजन शुरू होगा तो क्या होगा? सरकार इसे गंभीरता से ले, ताकि किसानों को दिक्कत न हो।