नपाध्यक्ष ने 33.62 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया, कहा-गुणवत्ता पर नहीं होगा समझौता।
नपाध्यक्ष ने 33.62 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया, कहा-गुणवत्ता पर नहीं होगा समझौता।
बैतूल/सारनी। कैलाश पाटील 

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती आशा महेंद्र भारती ने कहा कि नगर पालिका सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसे अनवरत जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा नगर के विकास में आ रही एनओसी जैसी बाधाओं को दूर किया जाकर कार्यों को गति दी जा रही है। वे वार्ड 20, 22 व 26 में विभिन्न निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। श्रीमती आशा महेंद्र भारती ने लगभग 33.62 लाख रूपये लागत के आरसीसी नाला व प्री-कास्ट पत्थर कार्यों का भूमिपूजन किया। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 20 में राजेश खातरकर के घर के पास करीब 15.05 लाख रूपये से आरसीसी नाले का निर्माण कार्य किया जा रहा है। नपाध्यक्ष श्रीमती भारती, उपाध्यक्ष भीम बहादुर थापा, सभापति बबलू वामनकर, पार्षद संदीप झपाटे, लक्ष्मी गोहे, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र भारती व अन्य ने विधिवत पूजन कर भूमिपूजन किया। इसी तरह वार्ड 26 में 14.87 लाख से सुखमन के घर के पास आरसीसी नाले व वार्ड 22 में 3.70 लाख से प्री-कास्ट पत्थर के कार्यों का भूमिपूजन नपाध्यक्ष ने किया। श्रीमती आशा भारती ने सभी निर्माण कार्यों के ठेकेदारों, नपा के सब इंजीनियरों व टाइम कीपरों से गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य किए जा रहे हैं तो वे लंबे समय तक टिके रहने चाहिए। गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा। कार्यक्रमों में राजेश चौरे, राकेश बारंगे, प्रकाश कसरादे, वसीम खान, रोशन मोहबे, उपयंत्री नितिन मीणा, समयपाल सुनील यादव समेत अन्य वार्डवासी मौजूद थे।