12 अवैध कपड़ा फैक्ट्रियां की सीज
*12 अवैध कपड़ा फैक्ट्रियां की सीज*

*आवासीय इलाके में चल रही फैक्ट्रियों का बिजली कनेक्शन काटा*

*नगर परिषद क्षेत्र में 50 फैक्ट्रियां की चिन्हित*

 बाडमेर से वागाराम बोस की रिपोर्ट 

 बाड़मेर जिले के बालोतरा उपखंड पर लगातार अवैध कपड़ा फैक्ट्रियों के संचालन की शिकायतें मिल रही थी। इस पर मंगलवार को तहसीलदार व बालोतरा नगर परिषद आयुक्त के साथ पुलिस प्रशासन ने अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 फैक्ट्रियों को सीज किया। कार्रवाई की भनक लगने पर अवैध फैक्ट्री मालिक अपनी फैक्ट्रियां बंद करके चले गए थे। आयुक्त ने कहा कि यह कार्रवाई आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगी।
दरअसल, बालोतरा नगर परिषद में आवासीय इलाके में अवैध कपड़ा फैक्ट्रियों का संचालन हो रहा था। इससे निकलने वाले गंदे पानी से परेशान लोगों ने प्रशासन व नगर परिषद को अवगत करवाया। इस पर मंगलवार को तहसीलदार प्रवीण रतनू और नगर परिषद आयुक्त शिवपाल सिंह के नेतृत्व में डिस्कॉम, नगर परिषद की टीम व पुलिस जाब्ता के साथ अवैध फैक्ट्रियों को सीज किया गया।
बालोतरा शहर के आवासीय इलाकों में नाले के उपर चल रही अवैध फैक्ट्रियों को सीज करने के लिए नगर परिषद की टीम सुबह ही पहुंच गई और अवैध फैक्ट्रियों में बिजली कनेक्शन को काटा गया। इस दौरान अवैध फैक्ट्रियां चलाने वाले संचालकों ने विरोध भी किया था, लेकिन पुलिस जाब्ता ने विरोध को शांत करवा दिया। दिनभर चली कार्रवाई में 12 अवैध फैक्ट्रियों को सीज किया गया।
नगर परिषद आयुक्त शिवपाल सिंह ने बताया कि नाले पर कपडे़ की अवैध फैक्ट्रियां चल रही थी। इस पर मंगलवार को 12 फैक्ट्रियों को सीज किया गया। नगर परिषद क्षेत्र में 50 अवैध फैक्ट्रियों को चिन्हित किया गया है। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।