साइकिल से पहुंचे BSF के 100 जवान, कश्मीर से रवाना हुई साइकिल रैली पहुंची बाड़मेर
*साइकिल से पहुंचे BSF के 100 जवान, कश्मीर से रवाना हुई साइकिल रैली पहुंची बाड़मेर*

*1993 किलोमीटर का सफर कर 2 अक्टूबर को गुजरात डांडी में मनाएंगे आजादी का अमृत महोत्सव*

बाड़मेर से वागाराम बोस की रिपोर्ट 

*बाड़मेर, 16 सितम्बर।*
आजादी का अमृत महोत्सव बनाने कश्मीर से रवाना हुई सीमा सुरक्षा बल के जवानों की साइकिल रैली गुरूवार को बाड़मेर पहुंची। साइकिल रैली के 142वीं वाहिनी जालीपा पहुंचने पर जवानों, उनके परिजनों और बच्चों ने साइकिल रैली का जबरदस्त स्वागत किया। इससे पहले गुरूवार सुबह सीमा सुरक्षा बल के उपमहानिरीक्षक विनीत कुमार ने साइकिल रैली में शामिल जवानों को हरी झंडी दिखाकर शिव से बाड़मेर के लिए रवाना किया।
शिव से रवाना हुई साइकिल रैली टोल प्लाजा निंबला, भाडखा, साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के वाटर प्वाइंट होते हुए बाड़मेर पहुंची। इस दौरान बीच में जगह-जगह पर ग्रामीणों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संगठनों ने इस साइकिल रैली का स्वागत कर जवानों की हौसला अफजाई की।
 दरअसल, केन्द्रीय सशस्त्र बल की कार्यप्रणाली और राष्ट्र निर्माण में बीएसएफ के योगदान के बारे में भारत सरकार के विभिन्न मिशन जैसे न्यू इंडिया-फिट इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, एक भारत श्रेष्‍ठ भारत व क्लीन इंडिया-ग्रीन इंडिया योजनाओं से नागरिकों को जागरूक करवाने के लिए सीमा सुरक्षा बल के द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साईकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह साईकिल रैली 15 अगस्त को बीओपी ऑक्ट्राय जम्मू से शुरू हुई, जो जम्मू कश्मीर, पंजाब, राजस्थान व गुजरात से गुजरते हुए 2 अक्टूबर को दांडी में समाप्त होगी।
बीएसएफ के जवानों को आम तौर पर बॉर्डर पर बंदूक लिए सरहदों की सुरक्षा करते हुए देखा होगा। अब सरहदों की सुरक्षा के साथ देश में एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश जन-जन पहुंचा रहे है। इस रैली में 100 अधिकारियों सहित 100 जवान हैं।
साइकिल रैली में शामिल जवानों का कहना है कि क्लीन इंडिया ग्रीन इंडिया, एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश लेकर जम्मू से 15 अगस्त को रवाना हुए थे। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। यह रैली गुजरात के डांडी तक पहुंचेगी। जवानों में अभी भी वहीं जोश है जो पहले दिन था। बीच रास्ते में ग्रामीणों ने जगह-जगह जोरदार स्वागत भी किया।
इस अभियान में शामिल सीमा सुरक्षा बल के जवान अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए हर दिन करीब 40 किलोमीटर का सफर तय कर रहे है। यह साइकिल रैली जम्मू से रवाना हुई थी। इस रैली में शामिल सीमा प्रहरी रास्ते में युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने के साथ स्वच्छ भारत, एक भारत श्रेष्ठ भारत, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के बारे में भी आमजन को जागरूक कर रहे है।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह कुमावत छात्रावास शिव में पौधारोपण के बाद पांच किमी दौड़ का आयोजन किया गया। इसके बाद साइकिल रैली को बीएसएफ़ के महानिरीक्षक विनीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो दोपहर होते-होते 142वीं वाहिनी जालीपा पहुंची। जहां रैली में शामिल जवानों का जबरदस्त स्वागत किया गया। यहां शाम को वॉलीबॉल मैच के आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। वहीं रैली से बाड़मेर पहुंचे जवान रात्रि के विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह धोरीमन्ना की ओर रवाना होंगे।