बैतूल/सारनी। कैलाश पाटिल
सतपुड़ा जलाशय अभियान के दूसरे चरण में रविवार की सुबह सैकड़ो श्रमदानी कार्यकर्ता जुटे। पिछले सप्ताह की तुलना में संख्या थोड़ी कम थी लेकिन उत्साह दुगना था। दो घण्टे तक लगातार श्रमदान कर 25 ट्राली जलीय खरपतवार और मलबा डेम से निकाला गया। मछुआरों द्वारा सुझाई गई महाजाल की तरकीब कामयाब रही और गहरे पानी से मलबा निकालने में काफी कारगर सिद्ध हो रही है। महाजाल की तरकीब से एक बार मे ही एक ट्राली मलबा बाहर निकल जा रहा है। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता अब महाजाल की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। रविवार को लगभग 3 सौ कार्यकर्ताओं ने दो घण्टे तक श्रमदान किया।
अभियान के दूसरे चरण में नगरपालिका अध्यक्ष आशा भारती भी श्रमदान में शामिल हुई। मछुआरों की टोली के साथ महिलाओं ने भी मोर्चा सम्भाल लिया है। रविवार को काफी संख्या में महिलाओं ने श्रमदान में हिस्सा लिया और खर पतवार को डेम से बाहर निकाला। चाइनीज झालर एवं सभी प्रकार के जलीय खर पतवार से सतपुड़ा जलाशय को मुक्त कराने लोगों में जागरूकता बढ़ रही है।
अभियान के दूसरे चरण में गायत्री परिवार के जिला समन्वयक डॉ कैलाश वर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ श्रमदान में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन किया। संस्कार भारती, लोणारी कुनबी समाज, मप्र पावर एम्प्लाई एसोसिएशन, टेंट एसोसिएशन सहित अनेक संगठन के प्रतिनिधियों ने दूसरे चरण के अभियान में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। समाजसेवी पीजे शर्मा ने सभी श्रमदानियों को स्वल्पाहार कराया।
छठ घाट पर श्रमदानियों को सम्बोधित करते हुए गायत्री परिवार के जिला समन्वयक डॉ कैलाश वर्मा ने कहा कि सद्प्रेरणा से किया गया कार्य अवश्य सफल होता है। कार्यकर्ताओं का उत्साह और आत्मविश्वास देखकर मैं यह कह सकता हूँ कि सतपुड़ा डेम अपने पुराने स्वरूप में लौटकर निर्मल और स्वच्छ बनेगा। अभियान के प्रमुख मोहन नागर ने कहा कि संकल्प मजबूत हो तो समुद्र भी छोटा पड़ जाता है। यह अभियान सारनी के जीवन रेखा को बचाने का अभियान है जो सभी के सहयोग और संकल्प से पूरा होगा। इस अवसर पर संस्कार भारती के प्रांत महामंत्री मोती लाल कुशवाहा, मांझी प्रकोष्ठ के मोहन मोरे, बीएमएस के कमल जैन, भोजपुरी एकता मंच के रंजीत सिंह, पट्रोलपम्प व्यवसायी अमित सपरा ने अपने विचार रखे एवं अभियान के सम्बन्ध में अपना सुझाव दिया। सभी श्रमदानियों एवं बाहर से आये समाजसेवियों का आभार कमलेश सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर नगरपालिका सीएमओ सी के मेश्राम, गायत्री परिवार पर्यावरण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अमोल, दीप चंद मालवीय, नगरपालिका उपाध्यक्ष भीमबहादुर थापा, सुनील सरियाम, दशरथ सिंह जाट, सुधा चन्द्रा, कालीमाई व्यापारी संघ के कोषाध्यक्ष प्रकाश शिवहरे, पार्षद राकेश सोनी, बबलू वामनकर सहित कई लोग मौजूद थे। अभियान का अगला चरण 7 मार्च को सम्पन्न होगा।